दर्द से कराह रहे सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए देवदूत बने भाजपा नेता, खुद गाड़ी में लादकर पहुँचाया अस्पताल।

 दर्द से कराह रहे सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए देवदूत बने भाजपा नेता, खुद गाड़ी में लादकर पहुँचाया अस्पताल।



(रिपोर्ट- मदन मोहन/नौगढ़/चंदौली)



चंदौली/नौगढ़ : भाजपा जिला बैठक से लौट रहे पार्टी पदाधिकारियों और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी ने इंसानियत की अनूठी मिसाल पेश की है। डिलबगरा मोड़ के पास खाई में गिरकर गंभीर रूप से घायल बाइक सवार पिता-पुत्री को देख नेताओं ने तुरंत गाड़ी रुकवाई और खुद उन्हें उठाकर अस्पताल पहुँचाया।

खाई में गिरी मिली थी बाइक, तड़प रहे थे पिता-पुत्री

जानकारी के अनुसार, भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वजीत सिंह खरवार, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र प्रकाश साहनी एवं सेवानिवृत्त PAC दरोगा दशरथ सिंह खरवार जिले की बैठक से वापस लौट रहे थे। डिलबगरा मोड़ के पास उनकी नज़र खाई में गिरी एक बाइक और दर्द से कराह रहे महिला-पुरुष पर पड़ी।

मंडल अध्यक्ष ने बिना देरी किए तुरंत अपनी बोलेरो गाड़ी रुकवाई। तीनों लोगों ने मिलकर खाई में तड़प रहे घायलों को संभाला और अपने हाथों से उठाकर बोलेरो में बैठाया।

समय पर मिला इलाज

घायलों की पहचान सोनभद्र जिले के पिपराडीह (सरईगढ़) निवासी राधेश्याम (पुत्र शंकर) और उनकी पुत्री आशा के रूप में हुई है। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ ले जाया गया।

अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवधेश पटेल के निर्देश पर डॉक्टरों की टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है। नेताओं की इस तत्परता और संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ